वृहस्पतिवार को 30 केंद्रों के 51 सत्रों पर होगा टीकाकरण – शुक्रवार को जिले के 26 केंद्रों पर 8242 फ्रंट लाइन वर्करों को लगेगा टीका
जिले में आज कोविड -19 टीकाकरण का महा अभियान चल रहा है जिसमें चरणबद्ध तरीके से लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वीबी सिंह ने पंजीकृत समस्त स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की है कि वह टीकाकरण केंद्र पर समय से पहुंचें और जिले में टीकाकरण अभियान को शत प्रतिशत सफल बनाएँ।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि कोविड -19 टीकाकरण गुरुवार को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक किया जा रहा है। इसमें प्रशासन, पुलिसकर्मियों और अन्य विभागों के कर्मचारियों को कोविड -19 टीका से प्रतिरक्षित किया जाएगा। उन्होने कहा कि कोविन पोर्टल पर पंजीकृत सभी लोग आज टीकाकरण केंद्र पर समय से पहुंचे, क्योंकि कोवैक्सीन की एक शीशी में 20 लोगों का डोज़ होता है। शीशी खुलने के बाद एक नियत समय तक ही उसको उपयोग में ला सकते हैं। उन्होने स्पष्ट किया कि कोविड – 19 का यह टीका सबसे सुरक्षित टीका है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वीएस राय ने बताया कि गुरुवार (11 फरवरी) को जिले के 30 केन्द्रों पर कुल 51 सत्रों में 6202 फ्रंट लाइन वर्कर्स का टीकाकरण किया जायेगा तथा 12 फरवरी को जिले के 26 केन्द्रों पर कुल 67 सत्रों में 8242 फ्रंट लाइन वर्कर्स का टीकाकरण किया जायेगा। इसके लिए सभी लाभार्थियों को बुधवार शाम को मैसेज किया गया है और 12 फरवरी को इसके लिए सभी लाभार्थियों को वृहस्पतिवार शाम को मैसेज मिल जायेगा। इसमें केंद्र का नाम, समय सहित सभी जानकारी होगी। उन्होंने बताया कि 11 और 12 फरवरी को कोवैक्सीन का टीका लगाया जाएगा। इससे पहले अभी तक कोविशील्ड का टीका लगाया जा रहा था।