पेट्रोल-डीजल के मूल्य में वृद्धि के खिलाफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का अभिनव विरोध जारी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गुरुवार को अपने घर के निकट हाजरा से बैटरी चालित स्कूटी पर सवार होकर राज्य सचिवालय नवान्न पहुंचीं। स्कूटी राज्य के शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम चला रहे थे और ममता पीछे सवार थीं। ममता और फिरहाद के गले में मूल्य वृद्धि के खिलाफ एक बोर्ड भी लटक रहा था।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के काफिले में लगभग 15 अन्य लोग भी बाइक के साथ शामिल थे। हालांकि उसमें कुछ पेट्रोल बाइक भी थी। पेट्रोल-डीजल के मूल्य में वृद्धि के खिलाफ मुख्य मंत्री ममता बनर्जी का ये अभिनव विरोध है। नवान्न पहुंच कर ममता ने स्कूटी पर बैठकर ही मीडिया से कहा कि मोदी सरकार ने देश को बेच दिया है। हर दिन पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस की कीमतें बढ़ती जा रही है। रेल, बीएसएनएल, एयर इंडिया सब कुछ बेचा जा रहा है।